बुधवार, 23 जनवरी 2013

मंगल सक्सेना की कविता

आधुनिक पोशाकों के विरोधियों से

सुथरी-स्वच्छ गुलाबी पँखुरियों वाली
कमलकली की स्वस्थ गंठीली देह पर
कसी हुई हरी अँखडिय़ों-सी निर्मल पोशाकें
मेरे देश की आधुनिक नारियों की
तुम्हें सुहाती नहीं, मैं जानता हूं!
क्योंकि मैं पहचानता हूं
तुम्हारे अन्तर में विराजमान उस
वानप्रस्थी बूढ़े को
जो सदियों से अधूरे आदर्शों के कुचक्रों में फंसकर
जवानी लगते ही गृहस्थाश्रम त्याग बैठा था
कि जिसके सिर पर शासकों का कूटज्ञ समाजवेत्ता
धार्मिकता और शालीनता के नाम से
निराशा, पलायन और उमंगहीनता का
प्रभावशाली तेल मलता था।
और जो आज भी हीनता की अचार जैसी अनुभूति के
चटखारे लेता है।
जिन्हें उसने समझा नहीं
उन वेदों और पुराणों का हवाला देता है!
गालियों के कीच में
नाक सिकोड़ डुबा लेता है
क्योंकि उन पोशाकों का यही अपराध है
कि वे शरीर की चुस्ती और सामर्थ्य को
निष्कपट भाव से प्रगट करती हैं
किन्तु जिसकी ऊष्मा से बूढ़े फेफड़ों में
खाँसियां उठती हैं!

2.
मेरे देश के आर्थिक पिंजरों की
हिंसक चुनौतियाँ स्वीकारने वाली सबलाएं
समय के यन्त्रों से होड़ लेने वाली गति लिए
घर ही नहीं
देश की दरारों को भरने की शक्ति लिए
ढीली देहों में विद्युत जगा देने की मुक्ति लिए
अगर आज बीसवीं शताब्दि के उत्तरार्द्ध आँगन में
स्वाधीन-समर्थ-गतिवान-मेधावी पीढिय़ों की
खगोल छान लेने वाली
महामाया जननी बनने के लिए
वज़नी कपड़ों के वहमों, अलंकृत आडम्बरों में छुपे
मुँहचोर अत्याचारों को
निर्भीकता से उतार फेंकती हैं
तो तुम्हें प्रसन्नता नहीं होती !
क्योंकि पराधीन होने
और पराधीन  बनाने वाली तुम्हारी लिप्सा
प्रगति के पँखों में लटक जाने वाली
तुम्हारी रूढि़ता
प्रणय को ऐश कीने वाली
तुम्हारी सामन्तवादिता
इन्सानियत और नारीत्व को
पुरुष की भ्रूकृपा समझने वाली मतान्धता
हरम के रेशमीन पर्दे उठाने को आज भी ललकती
तुम्हारी ख़याली उँगलियों की लज्जाहीनता
नारी को  पूँजी समझने वाली सर्पिणी नज़रों की विलासिता
मैं जानता हूँ  कि
तिलमिलाकर, छटपटाकर
अपने विकारों की आग में
भक् से जल उठती है !
मुझे पता है कि
तुम्हारे मानस का-
गौरैया की गर्दन दबोचता बाज
ठहरे जल में अभी ऊब-डूब रहा है।
मरा नहीं !

3.
यह भी मैं जानता हूँ कि मेरी साफ़गोई 
तुम्हें बुरी लगेगी
क्योंकि तन-वसन और वाणी की सादगी से
तुम्हारा अभिप्राय
खरों जैसे कान
चादरों-से परिधान
और 'जान बख्शी जाए माई लॉर्ड !'  वाला
शब्द-ज्ञान रहता है !
लेकिन मैं तुमसे
विनयपूर्वक पूछता हूँ कि
हे मेरे दुस्साहसी दोस्तो !
मुझे ईमानदारी से बताओ
क्या तुम्हें सुन्दरता हथियाने की आदत नहीं?
सात आवरणों में छुपा न हो अगर
पूजा-सा पावन रूप
तो क्या उसे कुचल डालना
तुम्हारी माँसपेशियों की बग़ावत नहीं?
तुम्हें क्यों नहीं लगता कि
जैसे नक्षत्रों ने तेजस्वी तन
गुलाब की पँखुरियों से लिपटकर शीतल किया हो
और हंसों की त्वचा जैसे परिधान में
नारी संज्ञा धरकर
अनागत को वरण करने के लिए
जीवन की विस्तृत कर्मस्थली में
तुम्हें साहचर्य दिया हो?
नक्षत्र-प्रसूनों का समादर करना
अगर तुम्हें नहीं आया
कुण्ठाओं की काई से
अंत:करण का परिष्कार करना
अगर तुम्हें नहीं आया
तो मुझे खेद है कि तुम्हारी लाचारी
तुम्हें कच्चे तट के हताश दलदल में  दफ़ना देगी !
क्योंकि मानव-सभ्यता की वेगवती धारा
आगामी पीढिय़ों में
उन महान् शक्तिमान नर-नारियों को
जन्म देने वाली है
जो अपनी विलक्षण प्रतिभा के बल से
पृथ्वी को एक यान की तरह
इस दिगन्ती आकाश में
मनचाही दिशाओं में चलाएंगे
वे समस्त रहस्यों के ज्ञाता
ब्रह्मलीन होने से पूर्व
ब्रह्मा हो जाएंगे !!
तुम्हीं कहो,
तब कम्बलों में लिपटी
अपनी भार्या को
कौन-से घर के अँधेरे कमरे में
कौन-से दफ़्तर से लौटकर
अपनी संस्कृति का परदादों वाला कोट उतारकर
कौन-सी खूँटी पर
टाँगने के लिए तुम दोगे?

(1965 में प्रकाशित 'मैं तुम्हारा स्वर' काव्य-संग्रह से साभार)

-मंगल सक्सेना
संपर्क- 53, प्रेम नगर, केशव नगर कॉलोनी, विश्वविद्यालय मार्ग,
उदयपुर-313001
मोबाइल: 09460252555

बुधवार, 28 नवंबर 2012

कविता- मुक्त हँसी

मुक्त हँसी



मैं मुक्त हँसी हूँ

रौशनी ने मुझे घेर रखा है।
अँधेरे में छिपे उदास चेहरो
तुम भी रौशनी में आ जाओ
मेरे संग-संग मुक्त हँसी का गीत गाओ।

सुनो!
जब हम साथ मिलकर हँसेंगे,
ज्वालामुखी के मुहाने बैठी दुनिया की
शक्ल बदल जाएगी।

कविता में जब होगी हलचल,
ज़िंदगी मुक्त हँसी में
ढल जाएगी!

-सुधीर सक्सेना 'सुधि'

मंगलवार, 27 नवंबर 2012

कविता- प्रार्थना को चहचहाने के बाद.....

 प्रार्थना को चहचहाने के बाद.....

एक प्रार्थना की तरह है
उस चिड़िया का जीवन...
जो अकेली है
अपने घोंसले में।
ज़रूरी है प्रार्थना
क्योंकि चिड़िया को अभी और
जीने की अभिलाषा है।
मुक्त आकाश में विचरने का मोह
भंग हो गया होता तो
बात समझ में भी आती,
लेकिन घोंसले की तनहाई से मोह
छूटता जो नहीं !
सोचती है चिड़िया और फिर
ख़ुशी से फुदकती है,
प्रार्थना को चहचहाने के बाद।

-सुधीर सक्सेना 'सुधि'

बुधवार, 31 अक्टूबर 2012

मन-मंदिर के देवता

  



शनिवार, 27 अक्टूबर 2012

फ़ैसला

 

शनिवार, 9 जून 2012

गंधों के देवता !

मंगल सक्सेना का गीत

गंधों के देवता !


गंधों के देवता !

फिर मुझे सँवार लो !!
संकरी सुविधाओं से
फिर मुझे बुहार लो !!

गली-गली, चौराहे, नीमों पर झूल रहे
ओ मेरे संबंधी ! मुझको ही भूल रहे

आवारा सज्जनता !
मुझे भी उबार लो !!
जीने से ऊब गया
अंगना उतार लो !
गंधों के देवता !

तुम तो सर्वांग मधुर वास बने रहते हो
देते हो तृप्ति और प्यास बने रहते हो

सुखदायी आकुलता !
अब मुझे पुकार लो
तन-मन तो टूट रहा
प्राण भी उधार लो !

गंधों के देवता!
फिर मुझे सँवार लो !!

गुरुवार, 1 मार्च 2012

कविता- आख़िर कब तक !

आख़िर कब तक !
आख़िर कब तक !
सहे ज़ुर्म उन आतंकवादियों के
आख़िर कब तक !
सजा क्यों नहीं मिल रही है
मुज़रिमों को
आख़िर कब तक !
आँखों से बहते हैं आंसू,
हज़ार मासूमों की जान ली,
आख़िर कब तक........... !
आख़िर कब तक !
लड़ेंगे फ़ौजी उन आतंकवादियों से !
कब तक !
क्यों वे खेले खून की होली,
हमारे साथ.
कब तक !
आख़िर कब तक !
सहते हैं ज़ुर्म
लेकिन कब तक !
कब तक बनेंगे कठपुतलियां,
उनके हाथों की,
कब तक !
आख़िर कब तक !
बस अब दिल भी बोल उठा है,
कब तक,
आख़िर कब तक !

-आर्द्रा सक्सेना,
13 वर्ष, जयपुर